News Lahar Reporter:
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी इलाके में गुरुवार को एक गैस एजेंसी में मारपीट की घटना सामने आई है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बजरंग इंडेन गैस एजेंसी के मालिक के बेटे और वहां काम करने वाली दो महिला कर्मियों ने एक ग्राहक के साथ मारपीट की।
पीड़ित सचिन कुमार, जो सोनारी के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह कई दिनों से गैस सिलेंडर लेने एजेंसी जा रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी बीच एक बड़ी सोसायटी के व्यक्ति को एक साथ छह सिलेंडर दे दिए गए।
सचिन के मुताबिक, जब इस बात की जानकारी अन्य ग्राहकों को हुई तो एजेंसी में मौजूद लोगों के बीच चर्चा होने लगी। इसी दौरान एजेंसी मालिक का बेटा बाहर आया और बिना कुछ सुने सचिन को थप्पड़ मार दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो अंदर बुलाकर दो महिला कर्मियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी गई।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि एजेंसी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है और एक सिलेंडर के लिए 2500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
घटना के बाद सचिन कुमार ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, उनका कहना है कि थाने में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उन्हें समझौता करने की सलाह दी और कहा कि “ऐसी घटनाएं होती रहती हैं”।
इस रवैये से आहत सचिन ने सवाल उठाया कि अगर थाने में भी न्याय नहीं मिलेगा तो आम आदमी कहां जाएगा। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

