NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारी थाना क्षेत्र के कुंजनगर, अंबेडकर पथ (धोबी लाइन) में शनिवार देर रात एक मकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये मूल्य की घरेलू संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। हालांकि समय रहते घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच आग लगी। परिजनों ने बताया कि घर के मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान दीपक जलाया गया था। आशंका है कि दीपक की लौ से आसपास रखा सामान आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई।
वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आग सबसे पहले फ्रिज में लगी थी, जिसके बाद उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को सतर्क किया और आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।

