NEWS LAHAR REPORTER
चाईबासा: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद प्रभावित हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 श्रमिक अब सुरक्षित अपने घर लौट रहे हैं। जिला प्रशासन की पहल पर सभी श्रमिकों की सकुशल वापसी सुनिश्चित की गई है और उनके गृह गांव तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सभी श्रमिक रेल मार्ग से पहले राउरकेला पहुंचेंगे। इसके बाद अगले दिन सुबह वे चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां जिला प्रशासन के अधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। स्टेशन से ही सभी श्रमिकों को उनके-अपने गांव तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है।
बताया गया कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद वहां कार्यरत पश्चिमी सिंहभूम के श्रमिक प्रभावित हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तमिलनाडु प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा तथा श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाए।
अब सभी 14 श्रमिक सुरक्षित अपने गृह जिले लौट रहे हैं। उनकी वापसी की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी श्रमिकों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।
