NEWS LAHAR REPORTER
पोटका। तारा पब्लिक स्कूल हाता में शनिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला परामर्शदाता मौसमी चटर्जी (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) एवं सोशल वर्कर कुंदन कुमार (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अरविन्द कुमार लाल ने अपने संबोधन में कहा, “तंबाकू एक धीमा ज़हर है, जो कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक असाध्य रोगों का प्रमुख कारण बनता है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल लोगों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की लत से बचाकर स्वस्थ समाज का निर्माण करना भी है। यदि विद्यार्थी आज से ही तंबाकू से दूरी बनाए रखें, तो वे अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।”
वहीं जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा, “राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। बच्चों को पुरस्कार भी दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अरविन्द कुमार लाल, जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजीव लोचन महतो, प्राचार्य कमलेश मिश्र, शिक्षक हेमचंद्र पात्र, मिहिर गोप आदि उपस्थित रहे।

