जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन परिसर स्थित गोपेश्वर हॉल में शनिवार को मासिक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न डिवीजनों से सेवानिवृत्त हुए कर्मी अपने परिजनों के साथ शामिल हुए। यूनियन पदाधिकारियों ने सभी कर्मियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लंबे योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सेवा और अनुभव संगठन की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने कहा कि भले ही कर्मचारी कंपनी से सेवानिवृत्त हुए हों, लेकिन यूनियन से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
महामंत्री आरके सिंह ने भावुक संबोधन में कहा कि यूनियन के दरवाजे सभी के लिए सदैव खुले हैं और समय-समय पर अपने सुझाव व अनुभव साझा करने के लिए सभी का स्वागत है। वहीं अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि पूर्व कर्मियों के मार्गदर्शन से संगठन को मजबूती मिलती है और भविष्य में भी उनका सहयोग अपेक्षित है।
कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर टीएमएल ड्राइव, कैब एंड कॉल फैक्ट्री, इंजन, फाउंड्री, व्हीकल प्रीपेरेशन एवं डिस्पैच, फ्रेम फैक्ट्री तथा व्हीकल फैक्ट्री सहित विभिन्न इकाइयों के दर्जनों सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इसी दौरान यूनियन ने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वेतन समझौते की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। यूनियन की ओर से प्रबंधन को चार्टर्ड ऑफ डिमांड (मांग पत्र) सौंपा गया। पूर्व में आयोजित बैठकों में कमेटी मेंबर्स और पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर मांग पत्र तैयार किया गया है। अब प्रबंधन के साथ जल्द ही वार्ता होने की संभावना है।

