NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से इंजीनियरिंग वर्कशॉप सीनी और जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट सीनी में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा संरक्षण को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक चला, जिसमें अधिकारियों और रेल कर्मचारियों को आपदा के दौरान बचाव एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सीआर पटनायक, एपी सतपति, विश्वरूप पति, आरके दास, राकेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ तकनीशियन और लिपिक कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण राष्ट्र की संपत्ति और लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों की सहभागिता को अनिवार्य बताते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति पदक सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कर्मचारियों को आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आपदा में फंसे लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पालतू जानवरों को भी सुरक्षित बचाने के लिए प्रेरित किया।
डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने कार्यशाला में मौजूद ड्राई केमिकल पाउडर और कार्बन डाइऑक्साइड आधारित अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की मॉक ड्रिल कर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने की स्थिति में उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उप मुख्य कारखाना प्रबंधक ने सिविल डिफेंस टीम की उन्नत प्रशिक्षण शैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं जोनल रेलवे प्रशिक्षण केंद्र में स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट समेत कुल 170 रेलकर्मियों को फायर सर्विस और प्राथमिक उपचार का डिजिटल पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

