NEWS LAHAR REPORTER
गुवा संवाददाता। सारंडा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश और हवाओं के बीच बुधवार दोपहर किरीबुरू हिलटॉप मुख्य सड़क मार्ग पर पुराना मैगजीन के समीप स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार मेघाहातुबुरु निवासी ठेका श्रमिक एवं शॉपिंग सेंटर में पान दुकान संचालक अब्दुल बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में अब्दुल को अंदरूनी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन भी बनी हुई थी, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवा से सड़क पर गिरा पेड़, घंटों बाधित रहा आवागमन
इधर, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण सैडल गेट और किरीबुरू के बीच मुख्य सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों का आवागमन काफी देर तक बाधित रहा। स्थानीय लोगों और वन विभाग के सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जर्जर सड़कों से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण सारंडा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। किरीबुरू हिलटॉप, बिरसा चौक से केंद्रीय विद्यालय तथा टीआर गेट से वन विभाग कार्यालय होते हुए मेघालय गेस्ट हाउस तक जाने वाली सड़कों की स्थिति खराब बताई जा रही है। बारिश के दौरान इन मार्गों पर वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराने तथा आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

