जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में गिरती कानून व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे के अवैध कारोबार को लेकर भारतीय जनता पार्टी टेल्को मंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा और बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा के नेतृत्व में पार्टी के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने टेल्को थाना प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र में हो रही हत्या, चोरी, गुंडागर्दी, अड्डेबाजी, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन, नशे के अवैध कारोबार तथा स्कूलों के सामने असामाजिक तत्वों की जमावट पर गहरी चिंता जताई गई। भाजपा नेताओं ने नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी, अवैध शराब व नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई और विद्यालयों व बाजार क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मौजूदा हालात के कारण आम नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा टेल्को मंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कल्याणी शरण, जिला मंत्री पप्पू सिंह, पूर्व जिला महामंत्री राकेश सिंह, जिला सोशल मीडिया सह संयोजक अमित सिंह, मुकेश राय, चिंटू सिंह, सूरज सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

