NEWS LAHAR REPORTER
कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित, प्रभारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी ने स्वच्छता और मच्छरदानी के इस्तेमाल पर दिया जोर
जादूगोड़ा। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय, सूरदा क्रॉसिंग, मुसाबनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी ने शिरकत कर छात्राओं को मलेरिया से बचाव और इसके प्रति सतर्कता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डॉ. मार्डी ने कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए आसपास के वातावरण को साफ रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने घरों और आसपास जमा पानी वाले गड्ढों को मिट्टी से भरने, रात में शरीर को ढककर सोने और नियमित रूप से मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मच्छरों के पनपने की जगहों को खत्म कर और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखकर मलेरिया के संक्रमण को काफी हद तक रोका जा सकता है। बच्चों से उन्होंने खुद जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मलेरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
22 उपस्वास्थ्य केंद्रों का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम से पहले डॉ. सुंदर लाल मार्डी ने क्षेत्र के 22 उपस्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मलेरिया की रोकथाम को लेकर जानकारी ली और क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अस्पताल के एमपीडब्ल्यू दीपक मंडल, बाबू लाल किस्कू, सूरज पूर्ति, सुशांत कुमार पाल समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
विश्व मलेरिया दिवस पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और आम लोगों को मलेरिया के खतरे, बचाव के उपायों और स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
