रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार देर रात स्विट्जरलैंड के दावोस से लंदन पहुंचे। लंदन आगमन पर झारखंडी स्कॉलर्स और भारतीय डायस्पोरा के सदस्यों ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ सरकारी प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी शामिल हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लिया, जहां राज्य में निवेश और विकास की संभावनाओं को लेकर अहम बैठकें हुईं।
सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया कि स्वागत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस स्नेह और सम्मान से वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि लंदन में रहकर भी झारखंडी समुदाय जिस तरह राज्य का नाम रोशन कर रहा है, वह गर्व की बात है। आप सभी के प्रेम और आत्मीय स्वागत के लिए हार्दिक आभार।
वहीं विधायक कल्पना सोरेन ने भी झारखंडी स्कॉलर्स और डायस्पोरा के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि विदेश की धरती पर झारखंडी संस्कृति और आत्मीयता देखकर मन भावुक हो गया है। उन्होंने सभी को झारखंडी जोहार कहा।

