NEWS LAHAR REPORTER
रांची: शहरी आवागमन को सुचारू बनाने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुगम बनाए रखने तथा पैदल यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज 17 अगस्त को उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार के नेतृत्व में एकरा मस्जिद, रतन टॉकीज चौक, मेन रोड से सुजाता चौक तक विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मार्ग में अवस्थित भवनों के सेटबैक क्षेत्र, सड़क चौड़ीकरण हेतु गिफ्ट डीड की भूमि, पार्किंग व्यवस्था, प्रतिष्ठानों के वैध ट्रेड लाइसेंस, अवैध विज्ञापन एवं होर्डिंग्स सहित विभिन्न बिंदुओं की सघन जांच की गई।
गिफ्ट डीड की भूमि की मापी एवं अतिक्रमण का चिन्हांकन
जांच अभियान के दौरान पूरे मार्ग में स्थित चर्च कॉम्प्लेक्स, रोसपा टावर, हेब्रोन सिटी बिल्डिंग सहित अन्य भवनों की गिफ्ट डीड की भूमि की मापी कर अतिक्रमण की स्थिति का चिन्हांकन किया गया। जांच के क्रम में रोसपा टावर के गिफ्ट डीड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो प्रतिष्ठानों को हटाया गया।
अवैध विज्ञापन पर जुर्माना
रोसपा टावर के सामने रीबॉक एवं स्केचर्स शोरूम द्वारा पार्किंग एवं गिफ्ट डीड की भूमि पर अनधिकृत रूप से विज्ञापन अधिष्ठापित किए जाने के मामले में ₹25,000-₹25,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया
अभियान के दौरान पूरे मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण एवं अनधिकृत कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के क्रम में पांच ठेला, एक गुमटी एवं अन्य सामान जब्त किया गया।
12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग/मोनोपोल हटाए गए
माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के आलोक में अभियान के दौरान पूरे मार्ग में 12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग एवं मोनोपोल को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त रोड मीडियन पर निर्मित मोनोपोल को भी हटाया गया।
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान के अनुरूप रांची नगर निगम क्षेत्र को व्यवस्थित, सुगम एवं यातायात की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। भवन उपविधि, अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन तथा अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त, सहायक नगर निवेशक सहित रांची नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

