जमशेदपुर : मानगो प्रखंड अंतर्गत डिमना स्थित बाबा तिलका माझी चौक पर मौजूद पत्थरगड़ी को अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने और भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण को लेकर शुक्रवार को अंचल कार्यालय, मानगो (डिमना) में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
इस बैठक में बाबा तिलका माझी स्मारक समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन, अध्यक्ष रमेश मुर्मू, दीपक रंजीत सहित समिति के अन्य सदस्य तथा एच.जी. इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के प्रतिनिधि कृष्ण मोहन मिश्रा और इकबाल मोहम्मद उपस्थित रहे।
पूर्व में हुई बैठकों के बाद किए गए कार्यों से स्मारक समिति संतुष्ट नहीं थी, जिसके कारण अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था। शुक्रवार की बैठक में सभी पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाबा तिलका माझी चौक और उसके आसपास साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही चौक में बाबा तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कर उसका समुचित सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मौके पर स्मारक समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन ने कहा कि संवाद की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। उन्होंने समिति की ओर से आश्वासन दिया कि पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पत्थरगड़ी को जल्द ही अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे फ्लाईओवर निर्माण कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।
बैठक के दौरान एनएच-18 पर तिलका चौक डिमना से डेंटल कॉलेज तक फ्लाईओवर निर्माण के कारण उड़ रही अत्यधिक धूल से स्थानीय ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर अंचल अधिकारी ने एच.जी. इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड को निर्देश दिया कि आवश्यकता अनुसार नियमित रूप से सड़क पर पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सोनाराम टुडू, पप्पू सोरेन, सुनील हेंब्रम, चमन सिंह, अभिषेक सिंह, सागर पाल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

