जमशेदपुर: जमशेदपुर में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में चित्र प्रदर्शनी सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य शहीद साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं में देशभक्ति, त्याग और साहस की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मौके पर साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और शहादत से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही विचार गोष्ठी के माध्यम से वक्ताओं ने उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण भाव विकसित करने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने साहिबजादों की शहादत को भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
वीर बाल दिवस पर जमशेदपुर में साहिबजादों की शहादत को नमन, भाजपा ने चित्र प्रदर्शनी व विचार गोष्ठी आयोजित कर युवाओं को प्रेरित किया।

