NEWS LAHAR REPORTER
कर्मठ समाजसेवी के निधन से समाज और संगठन में शोक की लहर, मंच ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच के संस्थापक सदस्यों में शामिल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष तथा स्वामी सहजानंद सरस्वती आश्रम, नामदा बस्ती के उपाध्यक्ष श्रद्धेय श्याम सुंदर बाबू का मंगलवार की रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर से ब्रह्मर्षि समाज एवं सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
श्याम सुंदर बाबू को एक कर्मठ, निडर, जुझारू और समर्पित समाजसेवी के रूप में याद किया जा रहा है। समाज और संगठन से जुड़े विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। ब्रह्मर्षि विकास मंच के राष्ट्रीय सम्मेलन से लेकर स्वामी सहजानंद सरस्वती आश्रम से जुड़े विभिन्न मामलों में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ब्रह्मर्षि विकास मंच की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि श्याम सुंदर बाबू का निधन समाज और संगठन दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा समाजहित में किए गए कार्यों और योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

शोक संदेश में कहा गया कि आश्रम से जुड़े मामलों एवं संगठनात्मक कार्यों के दौरान लंबे समय तक उनके साथ रहने का अवसर मिला। उनके निधन को संगठनात्मक क्षति के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से भी बड़ी क्षति बताया गया।
ब्रह्मर्षि विकास मंच ने दिवंगत आत्मा को कोटि-कोटि नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति, उच्च गति एवं मोक्ष प्रदान करें। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य, साहस और सहनशक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
श्याम सुंदर बाबू के निधन से सामाजिक क्षेत्र में उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक व्याप्त है।
