NEWS LAHAR REPORTER
NALSA और JHALSA के तत्वावधान में DLSA सरायकेला-खरसावां की पहल, बच्चों के बीच खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कर विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
सरायकेला। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां की ओर से बाल दिवस के अवसर पर बड़ा काकड़ा स्थित मॉडल स्कूल में बाल अधिकार एवं बाल विवाह की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के सचिवालय तथा समाज कल्याण विभाग एवं युवा संस्था (Yuva Sanstha) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकना तथा बच्चों के लिए सुरक्षित, संरक्षित और सम्मानजनक बचपन सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें रग्बी फुटबॉल, क्रिकेट, रस्साकशी और मेमोरी गेम जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को NALSA द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन अभियान (Safe Childhood Campaign) के तहत महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्हें बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम, शिक्षा का महत्व तथा बच्चों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री तीसीप मेराज ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, सम्मान, शिक्षा और समान अवसर मिलना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर भविष्य प्रदान करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने बच्चों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज में इस कुप्रथा के विरुद्ध आवाज उठाने का संदेश दिया। इस दौरान सभी बच्चों को बाल विवाह के विरोध में शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष तारापद सरकार, सदस्य हेंडर, वन स्टॉप सेंटर की समन्वयक सुश्री पूर्णिमा नायक, पीएलवी पंपल बोदरा, तारामनी बंदिया, बिद्दू प्रजापति, कुमुद रंजन, मिनी हेम्ब्रम, चाइल्डलाइन के सदस्य तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह रोकना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं सम्मानजनक बचपन उपलब्ध कराना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम को बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

