NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के पास हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने और शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जमशेदपुर, जिसे राज्य की औद्योगिक राजधानी और शांतिप्रिय शहर माना जाता है, वहां पिछले कुछ महीनों में हत्या, चाकूबाजी, रंगदारी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार और महिलाओं से जुड़ी अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे आम लोगों में असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बिष्टुपुर में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के दौरान हिमांशु सिंह की हत्या होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा ने इसे अपराधियों के बढ़ते मनोबल का उदाहरण बताते हुए कहा कि इस घटना से पूरे शहर में आक्रोश है और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए।
भाजपा ने प्रशासन के सामने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने, घटना के समय मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग शामिल है। इसके अलावा शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की गई है।
भाजपा ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि यदि 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप व्यापक जनआंदोलन और जमशेदपुर बंद का आह्वान करेगी। पार्टी का कहना है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भाजपा ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने 48 घंटे में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था सुधार की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर जमशेदपुर बंद और जनआंदोलन की चेतावनी दी है।

