NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक महिला, उसके बेटे और एक विधि विरुद्ध निरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, कुल 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि ह्यूम पाइप स्थित इन्द्रानगर में रहने वाली भारती कैबों अपने घर से परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है । सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) के पर्यवेक्षण में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी कर भारती कैबों (40), उसके पुत्र विशाल कैबों (22) और एक विधि विरुद्ध निरुद्ध बालक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि भारती कैबों लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं विशाल कैबों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
इस अभियान में थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के अलावा नगर निगम मानगो के कनीय अभियंता उमाशंकर, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज प्रसाद, अक्षय कुमार, चांदनी कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक जयदेव कुमार दास, हवलदार संजय तिर्की तथा आरक्षी भीष्म नारायण यादव शामिल रहे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

