News Lahar Reporter
रोम : प्रधानमंत्री Narendra Modi अपने पांच देशों के यूरोप दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे, जहां इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni ने उनका भव्य स्वागत किया। दोनों नेताओं ने निजी रात्रिभोज के बाद देर रात विश्व प्रसिद्ध Colosseum का दौरा किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
प्रधानमंत्री मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend!” वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि PM मेलोनी के साथ मुलाकात और ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा यादगार रहा तथा भारत-इटली संबंधों को नई ऊंचाई देने को लेकर दोनों देशों में सकारात्मक चर्चा हुई।
भारत और इटली के बीच इस मुलाकात में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। दोनों देशों ने वर्ष 2029 तक 20 बिलियन यूरो व्यापार लक्ष्य तय किया है। साथ ही हर साल प्रधानमंत्री स्तर की बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी है।
बैठक में IMEC कॉरिडोर, रक्षा सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा नीदरलैंड, डेनमार्क, स्वीडन, नॉर्वे और इटली तक फैला रहा। विशेषज्ञ इसे वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और यूरोप के साथ मजबूत होते रिश्तों के रूप में देख रहे हैं।

