News Lahar Reporter
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था की जमीनी सच्चाई सामने आई है। यहां स्थित अलमीनार स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिली, जिसे लेकर कपाली के उप मेयर मोहम्मद साहबान उर्फ चिंटू खुद निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि स्कूल में न तो लाइब्रेरी की व्यवस्था है और न ही भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा हो पाया है। स्कूल के कई हिस्सों में निर्माण कार्य अब भी अधूरा पड़ा है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उप मेयर मोहम्मद साहबान ने स्कूल की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार से मिलने वाले फंड के जरिए स्कूल में पंखे लगाए जाएंगे, लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा और बच्चों के बैठने के लिए बेंच की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि इन सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
इसके अलावा, भीषण गर्मी को देखते हुए उप मेयर ने क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए जगह-जगह चापाकल लगाने की भी बात कही, ताकि लोगों को पानी की परेशानी न हो।

