जमशेदपुर : 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए धालभूम अनुमंडल में 28 घंटे का नो-फ्लाइंग जोन लागू कर दिया गया है। यह प्रतिबंध रविवार शाम 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
रविवार को सोनारी एयरपोर्ट से करनडीह दिशोम जाहेरथान और आदित्यपुर स्थित एनआईटी तक राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर दोपहर 3 बजे मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति के कारकेड का एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रिहर्सल भी किया गया।
राष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार भी जमशेदपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उतारा गया है। कार्यक्रम समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रांची रवाना होंगी।
राष्ट्रपति का काफिला सोनारी एयरपोर्ट से सर्किट हाउस गोलचक्कर, बिष्टुपुर गोलचक्कर, वोल्टास गोलचक्कर, जुगसलाई अंडरपास, वीर कुंवर सिंह चौक, टाटानगर रेलवे स्टेशन, चाईबासा बस स्टैंड, गोलपहाड़ी, खासमहल होते हुए करनडीह पहुंचेगा। इस मार्ग को सोमवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक के लिए बंद रखा जाएगा।
तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सोमवार सुबह 10:10 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। 10:40 बजे वे करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान में आयोजित ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे जमशेदपुर सर्किट हाउस जाएंगी और दोपहर 2:05 बजे आदित्यपुर स्थित एनआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 3:40 बजे राष्ट्रपति रांची के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति की सुरक्षा में करीब 2500 सुरक्षा कर्मी, 10 आईपीएस अधिकारी और 2 आईएएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। कोल्हान डीआईजी अनरंजन किसपोट्टा ने बताया कि सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी।
नो-फ्लाइंग जोन के तहत जमशेदपुर, पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंडों में ड्रोन, हॉट एयर बैलून समेत सभी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

