NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : वर्षों से अपने खुद के घर का सपना संजोए बैठे 340 परिवारों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में शुक्रवार को लाभुकों को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। अपने आशियाने की चाबी हाथ में मिलते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया तथा पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
गृह प्रवेश कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर विद्युत वरण महतो एवं पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत गृह प्रवेश कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
मोहरदा आवासीय परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से 340 लाभुकों ने निर्धारित राशि जमा कर आवंटन संबंधी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं। इसके बाद पहले चरण में उन्हें फ्लैट की चाबी सौंप दी गई। शेष पात्र लाभुकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी चरणों में आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
यह आवासीय परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू की गई थी। प्रशासनिक एवं तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में देरी हुई, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलने लगा है। योजना के तहत निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
नए घर की चाबी पाने वाले लाभुकों ने बताया कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में रह रहे थे और अपने घर का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके इस सपने को साकार कर दिया है। उनका कहना है कि अब उन्हें स्थायी और सुरक्षित आवास मिलने के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।
गृह प्रवेश के दौरान कई परिवारों ने अपने नए घरों में पूजा-पाठ कर नई शुरुआत की। लाभुकों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।

