NEWS LAHAR REPORTER
रसगुल्ला को ज्यादा सफेद बनाने के लिए हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला आया सामने, आदर्श और गोपाला स्वीट्स में अखबार पर मिठाई रखने पर भी विभाग सख्त
आदित्यपुर/सरायकेला, संवाददाता। दीपावली एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आदित्यपुर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलोग्राम बासी एवं खराब मिठाइयां बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
अंबा स्वीट्स में मिली बासी मिठाइयां, हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला
निरीक्षण के दौरान अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलो बासी एवं खराब मिठाइयां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन्हें नष्ट कराया और प्रतिष्ठान संचालक को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान रसगुल्ला को अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो (Hydro) के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। इस पर विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को सख्त हिदायत देते हुए ऐसे पदार्थों का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदर्श और गोपाला स्वीट्स में अखबार पर रखी मिली मिठाइयां
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में आदर्श स्वीट्स एवं गोपाला स्वीट्स में मिठाइयों को ढकने और रखने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया जाना भी पाया गया। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को चेतावनी देते हुए तत्काल अखबार का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ तरीके से रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद्य रंगों की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की भी जांच की गई। जांच में उपयोग किए जा रहे रंग अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, विभाग ने सभी दुकानदारों को निर्धारित मानकों और अनुमत मात्रा के अनुसार ही खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। किसी भी परिस्थिति में औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा दुकानों में खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण, परिसर की साफ-सफाई, सैनिटेशन और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की भी जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां संचालकों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया।
त्योहारों तक जारी रहेगा विशेष जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिठाई दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान बासी, खराब, मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरी करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

