NEWS LAHAR REPORTER
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ रही लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। मेले में पहली बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित भीड़ प्रबंधन प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ का घनत्व और प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शनिवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेहरू पार्क, बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर, शिवगंगा समेत विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उनके साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
एआई आधारित निगरानी से भीड़ पर रहेगी पैनी नजर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और एआई आधारित भीड़ प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी टीम और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि तकनीक का पूरी क्षमता के साथ उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ता है तो सिस्टम से मिली जानकारी के आधार पर तुरंत वैकल्पिक मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं लागू की जाएं, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
स्वच्छता व्यवस्था को दी सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त ने बाबा मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर निगम को अतिरिक्त सफाईकर्मियों की रोटेशन के आधार पर तैनाती करने और कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश
मेला ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि देवघर आने वाले सभी शिवभक्त सम्मान और बेहतर सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने सभी कर्मियों को धैर्य, संवेदनशीलता और विनम्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण का अवसर उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आधुनिक तकनीक से बेहतर होगी श्रद्धालुओं की सुविधा
श्रावणी मेले के दौरान प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं की लगातार निगरानी कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

