NEWS LAHAR REPORTER
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले नौ दिनों से जारी इस प्रदर्शन को अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके का भी समर्थन मिल गया है।
अभिजीत दिपके ने प्रदर्शनकारी छात्रों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उनके आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत की है और उनकी पार्टी छात्रों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
दिपके ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनकी पार्टी आवाज उठाएगी। उन्होंने छात्रों से कहा कि उनके आंदोलन को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा और उनकी जायज मांगों के समर्थन में पार्टी पूरी तरह साथ रहेगी।
इधर, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने भी आंदोलन को और तेज करते हुए छात्रों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। धरना स्थल पर मौजूद छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और भविष्य की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाए।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

