Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित बारीगोड़ा रेलवे फाटक पर बस की चपेट में आकर छात्रा की मौत के बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया मंगलवार को टाटानगर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने डीआरएम से मुलाकात कर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण से संबंधित मांगपत्र सौंपा। डीआरएम ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि रेलवे इस घटना की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने बताया कि लेवल क्रॉसिंग संख्या 138 (बारीगोड़ा फाटक) पर प्रस्तावित आरओबी के लिए जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) को पहले ही राज्य सरकार की स्वीकृति मिल चुकी थी। योजना के तहत लागत का 50-50 प्रतिशत हिस्सा रेलवे और राज्य सरकार को वहन करना था। हालांकि राज्य सरकार के हिस्से में अड़चन आने के कारण रेलवे ने पूरा खर्च उठाने का प्रस्ताव दिया था।
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने इस पर सहमति जताई, लेकिन पुराने एलाइनमेंट पर निर्माण संभव नहीं होगा। अब नई एलाइनमेंट पर ड्राइंग तैयार की जा रही है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
डीआरएम ने गोविंदपुर क्षेत्र के लिए भी ड्राइंग तैयार होने की जानकारी दी, लेकिन स्थानीय समस्याओं के कारण कार्य प्रभावित होने की बात कही। वहीं टाटानगर स्टेशन के नवीनीकरण कार्य को लेकर सड़क और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके तहत दुकानदारों से भूमि खाली करने को कहा गया है, ताकि विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

