NEWS LAHAR REPORTER
सांसद विद्युत वरण महतो के आग्रह पर रेलवे का बड़ा फैसला, टाटानगर से ट्रेन सेवा का फेरा बढ़ा
जमशेदपुर: जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20971/20972) का टाटानगर से परिचालन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद विद्युत वरण महतो को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का फेरा बढ़ाने की मंजूरी दी गई है।
सांसद के आग्रह का हुआ असर
उल्लेखनीय है कि सांसद विद्युत वरण महतो ने पूर्व में केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का फेरा बढ़ाने का आग्रह किया था। सांसद ने यात्रियों की सुविधा और राजस्थान से आने-जाने वाले लोगों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इस ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने की मांग रखी थी।
रेलवे की ओर से फेरा बढ़ाने की स्वीकृति मिलने के बाद यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर राजस्थान और जमशेदपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ने रेल मंत्री का जताया आभार
ट्रेन का फेरा बढ़ाए जाने पर सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की सेवा सप्ताह में दो दिन होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलेगी और जमशेदपुर से राजस्थान के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।
सांसद ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े अन्य रेल मुद्दों को लेकर भी वे लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष मांगें उठाते रहेंगे।

