NEWS LAHAR REPORTER
फुट ओवरब्रिज से प्लेटफॉर्म तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, यात्री सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
चांडिल। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. जैन ने शुक्रवार को चांडिल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। गार्डनरीच, कोलकाता से सैलून द्वारा शाम करीब 4 बजे चांडिल पहुंचे महाप्रबंधक ने लगभग 40 मिनट तक स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2, 3 और 4 की साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, स्टेशन पैनल, परिचालन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और स्टेशन परिसर की स्वच्छता का भी जायजा लिया।
लिफ्ट की समस्या पर महाप्रबंधक ने दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी अरुण बागड़िया ने महाप्रबंधक का ध्यान प्लेटफॉर्म पर लगी लिफ्ट की समस्या की ओर दिलाया। उन्होंने बताया कि बिजली कटने की स्थिति में लिफ्ट बंद हो जाती है और यात्रियों के अंदर फंसने की आशंका बनी रहती है। इससे खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग और ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में रहने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने लिफ्ट को निर्बाध बिजली आपूर्ति से जोड़ने की मांग की। महाप्रबंधक ए.के. जैन ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान का आश्वासन दिया।
यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और परिचालन से जुड़े कार्यों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मौके पर स्टेशन प्रबंधक विष्णु तांती, रेलवे सुरक्षा प्रभारी समेत रेलवे के अधिकारी-पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक के निरीक्षण और लिफ्ट की समस्या के समाधान के आश्वासन से चांडिल स्टेशन के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

