NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने मंगलवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने सिदगोड़ा स्थित दिवंगत गैंगस्टर विक्रम शर्मा के कार्यालय में पहुंचकर ताला तोड़ा और अंदर तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम कार्यालय के अंदर मौजूद दस्तावेजों, कागजात और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार्यालय से निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े किसी व्यक्ति, लेन-देन या आपराधिक नेटवर्क के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलता है या नहीं।
निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में पुलिस को कथित तौर पर आपराधिक गिरोहों, जमीन कारोबार और पुराने विवादों से जुड़े कई सुराग मिले हैं। हाल के दिनों में पुलिस ने आरोपियों और उनसे जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई का दायरा भी बढ़ाया है।
गौरतलब है कि सोमवार को भी जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस की संयुक्त टीम ने न्यायालय की अनुमति के बाद सोनारी स्थित एक न्यूज संस्थान के कार्यालय में तलाशी ली थी। करीब डेढ़ घंटे चली इस कार्रवाई में पुलिस ने मामले से जुड़े संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की थी।
अब सिदगोड़ा में विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी से पुलिस को क्या अहम सुराग मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। मामले की जांच जारी है

