NEWS LAHAR REPORTER
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी को अंतिम विदाई देने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी
रांची। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार को अंतिम संस्कार के लिए रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया। स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से तृषा की अंतिम यात्रा निकली। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
मंत्री आवास पर तृषा का पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। बेटी का शव देखते ही मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भावुक होकर बेसुध हो गईं। वहां मौजूद महिलाओं और परिजनों ने उन्हें संभाला। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से तृषा के अंतिम दर्शन किए।
जमशेदपुर हादसे के बाद रांची लाया गया था पार्थिव शरीर
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया था। इसके बाद शव को स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। तृषा के परिवार के सदस्य महगामा और जमशेदपुर से भी रांची पहुंचे।
मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तृषा को श्रद्धांजलि दी। पूरे परिसर में शोक और मातम का माहौल रहा।
मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
तृषा सिंह के निधन की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और तृषा को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम यात्रा में मंत्री आनंद अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक अनूप सिंह और विधायक सुरेश बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
वहीं मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी मंत्री आवास पहुंचकर तृषा सिंह को अंतिम विदाई दी। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल और कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने भी मंत्री आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की।
एक हादसे में चार युवाओं की गई जान
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए थे।
घटना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। क्षतिग्रस्त वाहन को गैस कटर की मदद से काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया। मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के बाद अब उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी
इधर पुलिस ने भीषण सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इसे लेकर पुलिस घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी एवं साक्ष्य जुटा रही है।
तृषा सिंह के निधन से उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक है। भारी बारिश के बीच निकली अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

