News Lahar Reporter
जमशेदपुर: मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 17 में देर रात भीषण अगलगी की घटना सामने आई। खान कॉम्प्लेक्स में स्थित एक शोरूम में रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में शोरूम के सामान के अलावा दोपहिया वाहन और एक कार भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि करीब चार घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
शोरूम के मालिक इम्तियाज ने अगलगी में करीब 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। हालांकि, नुकसान का अंतिम आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।
दमकल पहुंचने में देरी पर लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। उनके मुताबिक, इस दौरान आग फैलती रही और नुकसान बढ़ने की आशंका बनी रही।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

