News Lahar Repoter
पत्नी, बेटों और बेटी के साथ हल्दीपोखर की प्राचीन दुर्गा पूजा में की आराधना व अर्पित की पुष्पांजलि, बोले—पोटका की पूरी जनता मेरे परिवार का हिस्सा
पोटका। दुर्गा अष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार अपने पूरे परिवार के साथ हल्दीपोखर स्थित क्षेत्र की प्राचीन दुर्गा पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की और पोटका विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
विधायक संजीव सरदार अपनी धर्मपत्नी रानिता सरदार, पुत्र आयन सरदार एवं प्रवीर सरदार और पुत्री श्रेया सरदार के साथ ब्राह्मण परिवार द्वारा आयोजित पारंपरिक दुर्गा पूजा में पहुंचे। पूरे परिवार ने भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना की। विधायक ने मां के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार सहित क्षेत्र के सभी लोगों के सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
पोटका की जनता भी मेरा परिवार : संजीव सरदार
पूजा-अर्चना के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका परिवार केवल उनके घर तक सीमित नहीं है, बल्कि पोटका विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि क्षेत्र के प्रत्येक घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, सभी लोग स्वस्थ रहें तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह मां दुर्गा ने असुर शक्तियों का संहार कर सत्य और धर्म की स्थापना की, उसी तरह समाज में नफरत, वैमनस्य और आपसी द्वेष फैलाने वाली प्रवृत्तियों का भी अंत होना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी

