News Lahar Reporter
चांडिल। शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर महाष्टमी के दिन चांडिल अनुमंडल के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। घंटियों की गूंज, शंखनाद और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
चौका स्थित नवदुर्गा पूजा पंडाल के अलावा चंदूडीह, रघुनाथपुर, चालियामा, टीकर, आसनबनी, चिलगु, भादुडीह और चैनपुर सहित विभिन्न गांवों के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहीं, चांडिल बाजार क्षेत्र के कदमडीह, भालूकोचा, रुचाप और कादमडीह समेत 16 आना दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
महाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां गौरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा पंडालों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए और मां दुर्गा के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
दुर्गा पूजा को लेकर चांडिल अनुमंडल में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। जगह-जगह आकर्षक ढंग से सजाए गए पूजा पंडालों और भक्तिमय वातावरण ने त्योहार की रौनक बढ़ा दी। मां दुर्गा की आराधना के साथ पूरा क्षेत्र शक्ति, श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर देवाशीष राय, काबुल पाल, आशीष कुंडू, पृथु सिन्हा, सुब्रत चटर्जी, तापस मंडल और मिलन प्रमाणिक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

