NEWS LAHAR REPORTER
खरना के साथ आज से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास, रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे छठव्रती
गुवा संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गुवा क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुवा स्थित कुसुम घाट पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छठव्रतियों के परिवारों ने घाटों की साफ-सफाई करने के साथ अपने-अपने पूजा स्थलों की घेराबंदी कर ली है। परिवार के सदस्यों ने घाटों पर पत्थर रखकर अपने लिए स्थान निर्धारित किया है, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

घाटों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था के लिए समाजसेवियों की ओर से विभिन्न स्थानों पर लाइटें लगाई गई हैं। वहीं, रविवार को छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर झाड़ू लगाकर सफाई की जाएगी और पानी का छिड़काव किया जाएगा, जिससे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
शनिवार को खरना के साथ छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। खरना के अवसर पर शाम सात बजे व्रती विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद प्रसाद के रूप में खीर और पूड़ी ग्रहण करेंगे। इसके बाद निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। रविवार की शाम छठव्रती नदी और जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

छठ पूजा को लेकर गुवा के घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। बाजार में भी पर्व की रौनक बढ़ गई है। फल की दुकानें सज चुकी हैं, जहां छठव्रती महिलाएं पूजा के लिए आवश्यक फल और पूजन सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। दूसरी ओर, आटा चक्कियों में विशेष साफ-सफाई के साथ छठ पूजा के लिए गेहूं की पिसाई की जा रही है, ताकि पूजा की पवित्रता और शुद्धता बनी रहे।
कुल मिलाकर छठ महापर्व को लेकर गुवा क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, आस्था और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

