NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आजाद नगर थाना क्षेत्र एनएच-33 पर पारडीह स्थित दादा गैरेज के समीप छापेमारी कर गांजा तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 17 पैकेट में कुल 23.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप बिहार भेजने की तैयारी थी।
शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-33 के रास्ते गांजे की बड़ी खेप बिहार ले जाने की तैयारी है। सूचना की पुष्टि के बाद उनके के नेतृत्व में पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने पारडीह के समीप दादा गैरेज के पास संदिग्ध गतिविधि में शामिल दो लोगों को तीन बैग के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान बैग से गांजे के 17 पैकेट बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी (20) और पूटलू भूमिज (37) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक संतोष कुमार के पास से 12 पैकेट में 15.450 किलोग्राम गांजा, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं पूटलू भूमिज के पास से पांच पैकेट में 8.490 किलोग्राम गांजा और 1000 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

