NEWS LAHAR REPORTER
Ranchi : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर झारखंड में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने धरती आबा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल इतिहास के महानायक नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के सबसे बड़े प्रतीक हैं। उन्होंने अपने समाज और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया और सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरित करता रहेगा।

बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना हमारा संकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जब भी वे धरती आबा को याद करते हैं, उनके मन में झारखंड के प्रति अपनी जिम्मेदारी और मजबूत हो जाती है। भगवान बिरसा मुंडा ने जिस जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसकी रक्षा करना आज हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाना राज्य के लोगों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए उनके विचारों और आदर्शों को व्यवहार में उतारना जरूरी है।
आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल उनकी जयंती मनाना और उन्हें याद करना पर्याप्त नहीं है। उनके विचारों, संघर्ष और आदर्शों को अपने दैनिक जीवन और कार्यों में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

