NEWS LAHAR REPORTER
धुतरा स्टेशन के पास धुआं और आग की लपटें उठने से मचा हड़कंप, रेलकर्मियों ने अग्निशमन यंत्र से पाया काबू; 25 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
जमशेदपुर (झारसुगुड़ा): चक्रधरपुर रेलमंडल के अंतर्गत धुतरा रेलवे स्टेशन के समीप रविवार को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) के ए-2 कोच में आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। चलती ट्रेन के कोच से अचानक धुआं निकलने और आग की लपटें दिखाई देने से यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे ट्रेन जब धुतरा स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी उसके ए-2 कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में कोच से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। कोच में धुआं भरता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। अपनी जान बचाने के लिए यात्री आनन-फानन में कोच से नीचे उतरने लगे। इस दौरान ट्रेन में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। रेलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के कारण टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक धुतरा स्टेशन के निकट खड़ी रही। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को झारसुगुड़ा की ओर रवाना कर दिया गया। घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

चलती ट्रेन के एसी कोच में आग लगने की इस घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, समय रहते रेलकर्मियों की सक्रियता से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से घटना की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

