चांडिल:
चांडिल स्टेशन के समीप आयोजित दो दिवसीय चांडिल अनुमंडल स्तरीय सार्वजनिक टुसु मिलन समारोह ‘कार्तिक मेला’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस पारंपरिक और सांस्कृतिक मेले में करीब 50 हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर लोक संस्कृति और परंपराओं का आनंद उठाया।
मेला परिसर में टुसु एवं चौड़ल प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। आयोजन समिति की ओर से प्रतिभागियों और टुसु-चौड़ल प्रेमियों के बीच कुल 2 लाख रुपये नकद पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान झाड़ग्राम के शीला शिल्पी संप्रदाय के कलाकारों ने झुमूर संगीत, लोकनृत्य और रंगारंग गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
समारोह में विधायक सविता महतो, आजसू के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, मुख्यमंत्री के मामा चारुचांद किस्कू, मेला के संस्थापक विश्वरंजन महतो उर्फ कार्तिक महतो सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समिति सदस्यों ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। मौके पर प्रमुख रामकृष्ण महतो, निखिल महतो, धीरेन महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

