जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक युवती से छिनतई का प्रयास किया गया। घटना मोदी पार्क के पास की है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवती का बैग छीनने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार युवती साकची से ऑटो में बैठकर धतकीडीह की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोदी पार्क के पास ऑटो एक सवारी को उतारने के लिए रुका। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और युवती का बैग छीनने की कोशिश करने लगे।
हालांकि युवती ने बैग को मजबूती से पकड़ लिया, जिसके कारण बदमाश उसे छीन नहीं सके। बैग को लेकर हुई छीना-झपटी के दौरान युवती ऑटो से नीचे गिर गई। युवती के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचने लगे।
लोगों को आता देख बदमाश तुरंत मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

