जमशेदपुर: जमशेदपुर के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ब्राउन शुगर की कुख्यात अंतरराज्यीय तस्कर डाली परवीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके नेटवर्क से जुड़े 203 ग्राम ब्राउन शुगर की बरामदगी के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जिन आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई थी, उन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि मादक पदार्थ डाली परवीन से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया है कि डाली परवीन झारखंड समेत कई राज्यों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करती थी। आदित्यपुर में उसका बड़ा अवैध नेटवर्क सक्रिय था, जहां कोलकाता और अन्य शहरों से नशीले पदार्थ मंगाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री कराई जाती थी। इसके साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों में भी यहीं से सप्लाई भेजी जाती थी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने 208 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों — शाहबाज खान, समीर और रफीकुल इस्लाम — को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इन सभी ने डाली परवीन का नाम उजागर किया था।
पुलिस ने डाली परवीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।

