जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। टाटा स्टील में कार्यरत एक ठेका कर्मी की पत्नी काजल कुमारी की 30 दिसंबर को ससुराल में फंदे से लटकती हुई लाश मिली। हालांकि मायका पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए दहेज उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के परिजनों की शिकायत पर बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में काजल के पति आशीष कुमार सिंह और ससुर रामबदन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपी बागबेड़ा के रामनगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, काजल कुमारी का मायका बागबेड़ा लाल बिल्डिंग चौक के पास स्थित है।
परिजनों के अनुसार काजल कुमारी की शादी अप्रैल 2025 में आशीष कुमार सिंह से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर उस पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई थी। ससुराल पक्ष की ओर से लगातार पैसे और अन्य सामानों की मांग की जाती थी।
मायका पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि पति का किसी अन्य युवती के साथ अवैध संबंध था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया और इसके बाद काजल पर दहेज लाने का दबाव और तेज कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि उसे आत्महत्या के लिए भी उकसाया जाता था।
घटना के समय पति के घर पर मौजूद न होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो काजल को फंदे से लटका पाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बागबेड़ा थाना पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

