NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे हाई स्कूल के पास गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे एक युवक पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक निरुद्ध बालक शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे गाड़ाबासा निवासी आकाश कुमार गोलगप्पा बेचकर ठेला लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन अपराधियों ने उसका ठेला रोक लिया और पैसे की मांग करने लगे। आकाश द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया और उसकी जेब से 1,700 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (नगर) को जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने वायरलेस मैदान के पास से दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा गांधी नगर निवासी राहुल पात्रो उर्फ कल्लू तथा एक निरुद्ध बालक शामिल है।
पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर धारदार चाकू और लूट की रकम में से 1,200 रुपये बरामद किए गए। मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज है।
छापेमारी दल में सह थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, जनार्दन सिंह, संतोष कुमार, पवन कुमार सिंह, ठाकुर सच्चिदानंद सिंह, धर्मनाथ सेन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

