जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलडीह पंचायत अंतर्गत गोबरलाद गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, दंपती एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने लाठियों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
इस दौरान 43 वर्षीय हीरामणि मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गईं और देर रात घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, पति सुधीर मुर्मू भी बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद आरोपी पति ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, घायल सुधीर मुर्मू को पुलिस हिरासत में लेकर पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोबरलाद गांव जंगल के बीच स्थित एक आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण पुलिस को सूचना समय पर नहीं मिल पाती, जिससे ऐसी घटनाओं में देरी हो जाती है।

