NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। रविवार रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में मुस्लिम बस्ती निवासी आफताब आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तीन गोलियां लगीं, जिनमें एक पीठ और दो पेट में लगी हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल आफताब को पहले टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर कोलकाता रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए करीब छह बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से 11 खोखे बरामद किए हैं। घटना के विरोध में देर रात तक बर्मामाइंस थाना में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर सिटी डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आफताब अपने चार दोस्तों के साथ कंटेनर यार्ड के पास बैठा था। रात में घर लौटने के दौरान तीन दिशाओं से अचानक फायरिंग शुरू हो गई। सभी जान बचाकर भागने लगे, लेकिन आफताब गिर पड़ा। आरोप है कि हमलावर उसके पास पहुंचे और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए। घटना में उसके चार साथी बाल-बाल बच गए।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने फायरिंग का आरोप बंधु नामक व्यक्ति और उसके साथियों पर लगाया है, जिनका नाम कथित रूप से नशे के कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद टीएमएच में भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा हुआ, जिसके चलते अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
घायल के साथियों का दावा है कि शनिवार को बर्मामाइंस पुलिस की ओर से निकाली गई नशा मुक्ति रैली में आफताब ने सक्रिय रूप से भाग लिया था। उनका आरोप है कि इसी कारण नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने उसे निशाना बनाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

