News Lahar Reporter
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में अवैध नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए देर रात कई होटलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रशासन ने होटल संचालकों को भी नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी है।
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि चाईबासा बाईपास और आसपास के ग्रामीण इलाकों के कुछ छोटे और लाइन होटलों में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इसके बाद सदर एसडीओ के निर्देश पर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम ने चाईबासा बाईपास, खप्परसाई, सिंकूरसाई और टेकासाई समेत विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी की। अचानक पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंचने से कई होटलों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों के लाइसेंस, वैध दस्तावेज और शराब परोसने से जुड़े नियमों की भी जांच की। अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध लाइसेंस के शराब बेचना या परोसना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने होटल संचालकों को निर्धारित समय के बाद प्रतिष्ठान बंद करने और सभी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होटल सील करने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और सड़क दुर्घटनाओं व आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसलिए ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में सदर थाना प्रभारी हीराल महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत जिला प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि देर रात तक खुले रहने वाले होटलों और अवैध शराब बिक्री पर लंबे समय से कार्रवाई की मांग की जा रही थी।

