News Lahar Reporter
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर शनिवार को बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग इलाके में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध चुलाई शराब बनाने वाली भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री किए जाने वाले स्थान पर कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ भी मिला, जिसे उत्पाद विभाग की टीम ने वहीं नष्ट कर दिया। विभाग ने बताया कि अवैध शराब भट्ठी संचालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।

