News Lahar Reporter
जमशेदपुर: शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बारीडीह जिला स्कूल के पास स्वर्णरेखा नदी में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में की गई है, जो बीते 15 अप्रैल की रात से लापता था।
परिजनों के अनुसार, संतोष कुमार रात में घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान संतोष कुमार के रूप में की।
बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं—कुछ लोग इसे हत्या बता रहे हैं, तो कुछ आत्महत्या या दुर्घटना की आशंका जता रहे हैं।

