जमशेदपुर:
शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ताजा मामला सीताराम डेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर का है, जहां बर्थडे पार्टी के दौरान दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सन्नी पुष्टि और नंदू लोहार अपने कुछ साथियों के साथ जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान भुईयांडीह से आए 10 से 15 युवकों ने अचानक उन पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। बताया जा रहा है कि रामनवमी के दौरान भुईयांडीह निवासी सुरु भुइया और करण भुईयां के साथ विवाद हुआ था, जिसके प्रतिशोध में इस घटना को अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही सीताराम डेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
शहर में लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।

