जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बाजार रामटेकरी रोड स्थित फिरंगी चौक के पास बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकद लेकर फरार हो गए।
इस संबंध में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नया बाजार निवासी अमृतपाल सिंह सग्गु ने पुलिस को बताया कि उनके घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिस कारण बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान 21 जनवरी की सुबह करीब 2 बजे अज्ञात चोर घर में घुस आए और चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोरों ने सोने का 60 ग्राम का दो कड़ा, 30 ग्राम की दो सोने की अंगूठी, 20 ग्राम की सोने की चेन, 5 ग्राम का सोने का लॉकेट, 40 ग्राम की चार जोड़ी कान की बाली, 150 ग्राम की 12 चांदी की चूड़ियां, 10 हजार रुपये कीमत की दो घड़ियां और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

