NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला-खरसावां : जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (37 वर्ष) गोली लगने से घायल हो गए। गोली उनकी कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने घायल को तत्काल पीसीआर वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद घायल फैयाज को ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
दो राउंड गोली चलने की सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर दो राउंड गोली चलाई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहम्मद शोएब (20 वर्ष) नामक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर गोलीबारी में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
ब्राउन शुगर के कारोबार का विरोध करने पर गोलीबारी का आरोप
घायल के दोस्त और डांगरडीह निवासी मोहम्मद साजिद ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। साजिद के अनुसार, इलाके में कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध करने के कारण युवकों के एक समूह ने गोलीबारी की।
उसका दावा है कि घटनास्थल पर चार से पांच युवक मौजूद थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले साजिद को निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद चलाई गई दूसरी गोली फैयाज उर्फ पिजू को लग गई।
साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, ब्राउन शुगर कारोबार और गोलीबारी में इन युवकों की कथित संलिप्तता की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोलीबारी की इस घटना के बाद कपाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कथित नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

