NEWS LAHAR REPORTER
गुवा। सारंडा के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी का काला बालू तट इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नदी के किनारे दूर-दूर तक फैली काली बालू, विशाल चट्टानें और चट्टानों के बीच से बहती नदी की कलकल धारा यहां की प्राकृतिक खूबसूरती को देखते ही बनती है। यही वजह है कि दिसंबर महीने की शुरुआत होते ही यहां पिकनिक मनाने आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगती है।
कारो नदी का यह खूबसूरत तट परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने वालों के लिए पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। पर्यटक यहां प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ नदी के पानी में भी खूब मौज-मस्ती करते हैं। खासकर नववर्ष के अवसर पर यहां पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। अनुमान है कि आगामी एक जनवरी को किरीबुरू, बड़ाजामदा, बोलानी, गुवा, नोवामुंडी, जगन्नाथपुर, चाईबासा, जमशेदपुर और रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 10 हजार पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जरूरत
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कारो नदी तट को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग लंबे समय से उठ रही है। यदि झारखंड सरकार और पर्यटन विभाग इस दिशा में पहल करें तो यह स्थान सारंडा क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी पहचान बना सकता है। यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए आकर्षक रिसॉर्ट, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
खतरनाक चट्टानों और गहरे पानी से दुर्घटना का खतरा
कारो नदी तट की खूबसूरती के बीच सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती है। नदी के कुछ हिस्से काफी गहरे और खतरनाक हैं। इसके बावजूद कई पर्यटक खतरनाक चट्टानों और गहरे पानी के आसपास सेल्फी लेते दिखाई देते हैं। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। प्रशासन को संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से गश्त भी की जाती है।
स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के खुलेंगे रास्ते
कारो नदी तट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं ही नहीं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। होटल, रिसॉर्ट, खानपान, परिवहन और स्थानीय उत्पादों के कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है। समय रहते इस प्राकृतिक स्थल के संरक्षण और विकास की दिशा में ठोस पहल की जाए तो कारो नदी तट सारंडा के पर्यटन को नई पहचान दिला सकता है।

